Raxaul: पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले के बाद पूरे देश में उबाल था। देश के वीर सपूतों के बलिदान से आहत जनमानस का यही स्वर था। अब चुप नहीं बैठेंगे। इसी ज्वाला में एक चिंगारी बनकर उभरी ‘ऑपरेशन सिंदूर’ एक ऐसा सैन्य प्रतिघात जिसने आतंक की जड़ें हिला दीं।
बीती रात भारतीय सेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। यह नाम अपने आप में एक प्रतीक है—एक माँ, एक पत्नी, एक बहन के सुहाग के प्रतीक सिंदूर से छेड़छाड़ का जवाब! आतंकियों ने जिन घरों से सिंदूर छीनने की कोशिश की थी, उन्हीं की धरती पर अब वही सिंदूर बारूद बनकर बरसा।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस ऑपरेशन को ‘सिंदूर’ नाम देने का कारण स्पष्ट किया। यह सिंदूर अब चेतावनी है, जो देश की माताओं-बहनों के आंचल से छेड़छाड़ करेगा, वह भारत की अग्नि से नहीं बचेगा।
इस ऐतिहासिक प्रतिघात के समर्थन में देशभर में जन भावनाए उमड़ पड़ीं। रक्सौल में भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती ज्योतिराज के आवास पर आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने सिंदूर को श्रद्धा और स्वाभिमान के साथ प्रदर्शित किया। महिलाओं ने कहा। यह सिंदूर अब केवल सुहाग का नहीं, बल्कि भारत माता के सम्मान का प्रतीक है।
महिलाओं ने अपने ओजस्वी भाषणों में आतंकवाद को सीधा संदेश दिया। हमारा सिंदूर हमारी संस्कृति है, हमारे आत्मसम्मान का प्रतीक है। इसे मिटाने की सोच भी जिसने की, उसका अस्तित्व इतिहास बना दिया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित महिलाएं अपने ललाट पर सिंदूर की चमक के साथ नारी शक्ति का प्रतीक बन खड़ी थीं। हर चेहरा आत्मगौरव से चमक रहा था। इस अवसर पर राष्ट्रगान गाया गया, शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और ‘जय हिंद’ के नारों से वातावरण गूंज उठा।
इस कार्यक्रम में भाजपा के महिला मोर्चा के अनुराधा शर्मा, पूनम देवी, प्रेरणा तिवारी ,प्रिया गुप्ता ,अमृता शर्मा ,संगीता मिश्रा, नीतू जायसवाल नीता कुमारी,मीरा कुशवाहा, मीतू गुप्ता, अंशू देवी, रेणु गुप्ता, कविता कुशवाहा ने भाग लिया।
वहीं शहर के सामाजिक कार्यकर्ता अरुण कुमार गुप्ता और वार्ड पार्षद सोनू गुप्ता ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत न केवल सैनिक रूप से सशक्त है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से भी अडिग और एकजुट है। यह सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि उस ज्वाला का नाम है जो हर भारतीय के भीतर जल रही थी और अब एक उत्तर बनकर दुनिया के सामने आई है।